घर में कुछ पौधों को लगाने का महत्त्व
(१) मनी प्लांट - मनी प्लांट के बारे में तो सभी जानते ही होंगे। मान्यता है कि इस बेल के घर में रहने से धन और समृद्धि बढ़ती जाती है। लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार यह पौधा घर में उचित दिशा में नहीं लगाया गया है तो आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। वास्तु शास्त्रियों का मानना है कि मनीप्लांट के पौधे के घर में लगाने के लिए आग्नेय दिशा ( यानी दक्षिण-पूर्व दिशा ) सबसे उचित दिशा है। इस दिशा में यह पौधा लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का भी लाभ मिलता है।
(२) केला - केले का पेड़ काफी पवित्र माना जाता है और कई धार्मिक कार्यों में भी इसका प्रयोग किया जाता है। भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी को केले का भोग लगाया जाता है। केले के पत्तों में प्रसाद बाँटा जाता है। माना जाता है कि समृद्धि के लिए केले के पेड़ की पूजा अच्छी होती है। केला हर मौसम में सरलता से उपलब्ध होने वाला अत्यंत पौष्टिक एवं स्वादिष्ट फल है। केला रोचक, मधुर, शक्तिशाली, वीर्य व मांस बढ़ाने वाला, नेत्रदोष में हितकारी है। पके केले के नियमित सेवन से शरीर पुष्ट होता है। यह कफ, रक्तपित, वात और प्रदर के उपद्रवों को नष्ट करता है। घर की चारदीवारी में केले का वृक्ष लगाना शुभ है। इससे गुरुदेव व गुरु ग्रह की अनुकूलता प्राप्त होती है । इसे ईशान कोण में लगाना शुभ है।
(३) नारियल - हिन्दू धर्म में नारियल के बगैर तो कोई मंगल कार्य संपन्न होता ही नहीं। पूजा के दौरान कलश में पानी भरकर उसके ऊपर नारियल रखा जाता है। यह मंगलता प्रतीक है। नारियल का प्रसाद भगवान को चढ़ाया जाता है। नारियल के पानी में पोटैशियम अधिक मात्रा में होता है। इसे पीने से शरीर में किसी भी प्रकार की सुन्नता नहीं रहती। शनि, राहु या केतु जनित कोई समस्या हो, कोई ऊपरी बाधा हो, बनता काम बिगड़ रहा हो, कोई अनजाना भय आपको भयभीत कर रहा हो अथवा ऐसा लग रहा हो कि किसी ने आपके परिवार पर कुछ करा दिया है, तो इसके निवारण के लिए शनिवार के दिन एक जलदार जटावाला नारियल लेकर उसे काले कपड़े में लपेटें। 100 ग्राम काले तिल, 100 ग्राम उड़द की दाल तथा 1 कील के साथ उसे बहते जल में प्रवाहित करें , ऐसा करना बहुत ही लाभकारी होता है। नारियल का पेड़ सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर है। यह मंगलकारी पेड़ घर के प्रांगण में हो तो धन और समृद्धि बनी रहती है।
(४) तुलसी - तुलसी तो अक्सर सभी घरों में लोग रखते ही है। इसके होने के कई फायदे हैं। यह एक ओर जहाँ सभी तरह के रोगाणुओं को घर में आने से पहले ही नष्ट कर देती है वहीं यह घर में सुख, शांति और समृद्धि का विकास करती है। इसके नियमित सेवन से किसी भी प्रकार का गंभीर रोग नहीं होता है। हिन्दू धर्म के अनुसार तुलसी को लक्ष्मी का दूसरा रूप माना गया है। घर में तुलसी का पौधा पूर्व दिशा , ईशान कोण अर्थात पूर्व और उत्तर के बीच या उत्तर दिशा में लगाएँ ।
(५) कनेर - कनेर की तीन तरह की प्रजातियाँ होती है। एक सपेद कनेर, दूसरी लाल कनेर और तीसरी पीले कनेर। कनेर को किसी वास्तुशास्त्री से पूछकर ही उचित दिशा में लगाना चाहिए। कनेर के पौधे के कई औषधीय गुण भी हैं। इससे गंजापन दूस करने की दवा भी बनती है। कनेर के पौधे को लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। देवी लक्ष्मी को सफेद कनेर की फूल चढ़ाए जाते हैं। हालांकि पीले रंग के फूल भगवान विष्णु को प्रिय होते हैं। माँ दुर्गा को लाल कनेर के फूल या कनेर के फूलों से बनी माला चढ़ाने से लक्ष्मी की प्राप्ति व शत्रुओं का दमन होता है । इसको पूर्व, उत्तर में लगाने से लाभ होता है तो पश्चिम में लगाने से नुकसान देता है ।
(६) श्वेतार्क - श्वेतार्क दूधवाला पौधा होता है जो गणपति का प्रतीक है। वास्तु अनुसार दूध से युक्त पौधों का घर की सीमा में होना अशुभ होता है किंतु श्वेतार्क या आर्क इसका अपवाद है जिसे घर के समीप उगा सकते हैं। श्वेतार्क के पौधे की हल्दी, अक्षत और जल से सेवा करें। इससे घर के रहने वालों को सुख शांति प्राप्त होती है। जिसके घर के समीप श्वेतार्क का पौधा फलता-फूलता है वहाँ सदैव बरकत बनी रहती है। ऐसी भी मान्यता है कि जिस भूमि पर श्वेतार्क स्वत: उगा है वहाँ गुप्त धन हो सकता है। यह भी मान्यता है कि जहाँ यह होता है , वहाँ के गृह स्वामी को आकस्मिक धन की प्राप्ति होती है। शास्त्रों के अनुसार श्वेतार्क गणपति जिस घर में होता है, उस घर में सभी वास्तु दोष नष्ट हो जाते हैं और उस भवन में रहने वाले व्यक्ति को अपार धन सम्पदा प्राप्त होती है। सफेद आक का प्रयोग पूजा में किया जाता है। कहते हैं कि अगर एक बार गणपति जागृत हो जाते हैं तो साधक के लिए कुछ भी असंभव नहीं रहता। सफेद आक की जड़ को बड़े ही ध्यान से निकालना चाहिए। जिससे वह खण्डित ना हो। इसके पुष्प से भगवान शिव की आराधना की जाती है। यह पौधा बड़ा ही चमत्कारी एकाग्रता, स्वास्थ्य और उत्साह को देने वाला है। इसे अपने घर में लगाने वाले पर भगवान शिव और भगवान गणेश की विशेष कृपा रहती है। इस पौधे में विशेष औषधीय गुण होते हैं।जिस घर में इसकी जड़ होती है वहाँ कभी भी निर्धनता नहीं रहती और घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह रहता है। अपने इन अद्भुत गुणों के कारण ही इसे आधुनिक कल्पवृक्ष कहा जाता है। अक्षय तृतीया के शुभ दिन इसे अपने घर, दुकान, ऑफिस फैक्टरी आदि जगह पर लगाइए और अनुभव कीजिए इसके विघ्न विनाशक रिद्धि, सिद्धि दायक रहस्यमय प्रभाव को। इसे उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना अत्यंत लाभकारी माना गया है।
Comments
Post a Comment